चंद्रमा पर भारत' में छत्तीसगढ़ के K Bharat की भी मेहनत, बतौर मैकेनिकल इंजीनियर ISRO में है पदस्थ
भारत ने चंद्रमा की जमीन पर चंद्रयान-3 उतारकर इतिहास रच दिया। देश काे गौरवान्ति करने वाले चंद्रयान-3 की टीम में दुर्ग जिले के चरोदा जी केबिन का होनहार युवा के भरत भी शामिल है। बेहद गरीब परिवार के इस होनहार ने अपनी प्रतिभा के बूते इसरो में नौकरी पाई। उसे आर्थिक रुप से रायपुर एवं रायगढ़ के दो परिवारों ने भी इस कार्य में खुले हाथ से मदद की। आज जैसे ही चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर लैंडिंग की तो भरत के माता-पिता व अन्य स्वजन भी खुशी से उछल पड़े। जी केबिन की पहचान भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र के श्रमिक बस्ती के रूप में है। इसी बस्ती से निकले होनहार के भरत ने आज इस क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। अभावों के बीच गुजर करने वाले के चंद्रमौलेश्वर एवं उनकी पत्नी के वनजाझी बुधवार को फूले नहीं समा रहे थे। उनका बेटा के भरत कुमार भी चंद्रयान-3 की टीम में शामिल है और इस टीम ने आज वो कर दिखाया जो अब तक किसी देश ने नहीं कर पाया था। के भरत कुमार बड़ा एवं बहन के लावण्या छोटी है। के भरत कुमार वर्तमान में इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) में बतौर मैकेनिकल इंजीनियर पदस्थ हैं।