, रायपुर। विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस, भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों को मिलाकर प्रोफेशनल 11 डाक्टर मैदान में हैं। इनमें कांग्रेस से पांच, भाजपा से चार, आम आदमी पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से एक-एक डाक्टर शामिल हैं। वहीं, वर्ष-2018 के विधानसभा चुनाव को देखें तो 35 डाक्टर (एमबीबीएस, बीएएमएस और पीएचडी) वाले चुनाव मैदान में थे। इनमें कांग्रेस से सात, भाजपा से चार, निर्दलीय आठ, आम आदमी पार्टी से चार व 12 अन्य क्षेत्रीय पार्टियों के शामिल थे। इनमें 10 डाक्टर विजयी हुए थे और 25 को हार का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि इसी कारण से इस बार के चुनाव में डाक्टर प्रत्याशियों की संख्या एक तिहाई भी नहीं रह गई है। उन्हें राजनीति के पिच पर 'प्रैक्टिस' के बजाय अपने पेशे से जुड़ी 'प्रैक्टिस' ज्यादा बेहतर लग रही है। हालांकि, कुछ डाक्टर राजनीति के पिच पर अभी भी जमे हुए हैं।