लखमा बोले-BJP ने पौवा से बंफर तक का रेट बढ़ाया:भाजपा के लोग चोरी-डकैती कर रहे, संगठन में बदलाव पर कहा- हमारा काम दरी बिछाना
बस्तर के कांग्रेस नेता और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने आबकारी नीति में बदलाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शराबबंदी की बात कहकर सत्ता में आई है। भाजपा की सरकार आने के बाद पौवा से लेकर बंफर का रेट बढ़ा गया है। नई आबकारी नीति का कांग्रेस समीक्षा करेगी, जिसके बाद विधानसभा में सरकार के खिलाफ लड़ाई लडेंगे। संगठन में बदलाव का काम बड़े लोगों का है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस पर निर्णय लेंगे। भाजपा संगठन के लोग चोरी और डकैती कर रहे- कवासी बिलासपुर प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा संगठन के लोग चोरी और डकैती कर रहे हैं। हिंदू के नाम पर डराने का काम कर रहे हैं और सरकार में बैठे लोग लूटने का काम कर रहे हैं। उनके दिखाने के दांत अलग हैं और खाने के दांत अलग हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता भोली है, वो धीरे से समझेगी। कांग्रेस पार्टी उनकी नीतियों का विरोध करेगी। सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। कवासी लखमा ने कहा कि संगठन में बदलाव का काम बड़े लोगों का है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का ये काम है। हम कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हैं। दरी बिछाओ, झंडी लगाओ और नारा लगाओ ये हमारा काम है। परिवर्तन करना है कि नहीं, ये हाईकमान तय करेगा।