सम्मान देने का अनोखा तरीका देख खिल उठता है रेलकर्मियों का चेहरा
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मान देने का एक नया तरीका अपनाया है। जोन बिल्डिंग के प्रवेश द्वार पर एक दीवार में बड़े साइज का एक बोर्ड लगाया है। इसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चमकते सितारे लिखा हुआ है। इस बोर्ड में कर्मचारियों की तस्वीर व उपलब्धि दर्शाई जाती है। जिससे जोन के हर एक अधिकारी व कर्मचारी चमकते सितारों को जान सके। इस व्यवस्था से कर्मचारियों को प्रोत्साहन भी मिल रहा है। उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान केवल उस सभाकक्ष तक सिमटकर रह जाता है। अन्य विभाग के कर्मचारियों तक जानकारी नहीं मिल पाती। इसे देखते ही एक नई व्यवस्था की गई है। इसके तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ही एक बोर्ड लगाया गया है। इस बोर्ड को रेलवे के चमकते सितारे का नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य केवल इतना ही कि पांच मंजिला इस बिल्डिंग में लगने वाले हर एक विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को यह जानकारी मिल सके कि वर्तमान में चमकते सितारे कौन हैं। यह सम्मान उन्हें किस कार्य के लिए दिया गया है। वह कर्मचारी जिनका बोर्ड नाम या तस्वीर चस्पा होती है, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता है। बकायदा मोबाइल पर फोटो लेकर, वह इंटरनेट मीडिया पर साझा भी करता है। इस बोर्ड की व्यवस्था कर रेलवे एक संदेश भी दे रहा है कि सभी बेहतर कार्य कर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चमकते सितारे बनें। इससे सभी कर्मचारियों को प्रोत्साहन भी मिलेगा।