धान खरीदी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा, कहा- 10 दिनों में ही खुल गई पोल
कवर्धा जिला मुख्यालय में कांग्रेस ने पत्रकारवार्ता लेकर धान खरीदी के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने सीधे आरोप लगाया कि किसानों से झूठे वायदे कर भाजपा सत्ता में आई है, लेकिन खरीदी के 10 दिनों में ही उनकी पोल खुलती दिख रही है।
धान खरीदी नीति में बदलाव का दुष्परिणाम किसानों को भुगतना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष होरी लाल साहू ने शहर कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा धान खरीदी के शुरूवाती दौर में ही फेल हो गई है।
जानबूझकर 21 क्विंटल से कम खरीदी की जा रही है। साथ ही समर्थन मूल्य 3100 की राशि देने की बात भाजपा ने कही थी, लेकिन अभी केवल समर्थन मूल्य की ही राशि दी जा रही है। धान खरीदी नीति में बदलाव के चलते खरीदी केन्द्रों में बफर लीमिट का 72 घंटों के भीतर उठाव करना होता था, लेकिन अब कोई समय निर्धारित नहीं है, जिसके कारण कम समय में ही खरीदी केन्द्रों में जाम लगना शुरू हो गया है।
कांग्रेसियों ने कहा कि राइस मिलर भी नाराज है इसलिए उठाव नहीं हो रहा है। आगे भी यही स्थिती रहा तो परेशानी किसानों की बढ़ेगी। इस अवसर पर पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, वरिष्ठ नेता लालजी चंद्रवंशी, सीमा अगम अनंत, नारायणी टोंडर, गोपाल चंद्रवंशी, विरेन्द्र जांगड़े सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।