पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पूर्व सीएम बघेल ने जताया शोक, कहा- ‘देश हमेशा आपका आभारी रहेगा सर’
रायपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज दिल्ली एम्स में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक अकॉउंट से जारी पोस्ट में लिखा – “देश आपका आभारी रहेगा, सर। इतिहास आपके योगदान से सदैव परिपूर्ण रहेगा।” मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा, “एक महान राष्ट्रकर्मी आज जीवन के अंतिम सफर पर हम सबसे विदा हो गए हैं। उनके व्यक्तित्व, योगदान और देशसेवा के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को पूर्व सीएम ने बड़ी क्षति बताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। ॐ शांति।” PCC चीफ दीपक बैज ने पूर्व पीएम के निधन पर जताया शोक पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पूर्व पीएम के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा मनमोहन सिंह जी खुद कम बोलते थे, मगर उनका काम ऐसा बोलता था कि पूरा विश्व उनका हमेशा प्रशंसक रहेगा। अपनी आर्थिक नीतियों से उन्होंने भारत देश को एक नई ऊंचाई तक पहुंचा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन देश और कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।