2 नहीं 3 विधायक बनेंगे मंत्री! इस राज्य का फॉर्म्युला हो सकता है लागू, 6 विधायकों के शामिल होने की अटकलें
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को राज्यपाल रोमेन डेका से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राज्य में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि नए साल के मौके पर सीएम राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें नए साल की बधाई देने पहुंचे थे। सूत्रों का दावा है कि अगल सप्ताह तक कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। बीजेपी में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि छत्तीसगढ़ में हरियाणा फॉर्म्युला लागू हो सकता है जिस कारण से राज्य में 1 मंत्री पद बढ़ जाएगा।
विष्णुदेव साय कैबिनेट में दो विधायक और मंत्री बन सकते हैं। यदि हरियाणा मॉडल लागू किया जाता है तो दो की जगह तीन विधायकों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि ए सप्ताह के भीतर कैबिनेट विस्तार को असली जामा पहनाया जा सकता है। कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच सीएम साय कई बार दिल्ली दौरा कर चुके हैं। सीएम साय ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी। इससे पहले भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कैबिनेट विस्तार हो सकता है लेकिन पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया था।
दिल्ली दौरे पर हुई थी बैठक
दिसंबर महीने में सीएम साय ने दिल्ली का दौरा किया था। इस दौरान सीएम साय ने कैबिनेट विस्तार को लेकर रायशुमारी की थी। छत्तीसगढ़ बीजेपी की अहम बैठक भी दिल्ली दौरे पर हुई थी। इस बैठक में सीएम साय के अलावा दोनों डेप्युटी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी भी शामिल हुए थे। बैठक के बाद सीएम साय ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।